
उदित वाणी जमशेदपुर : छोटा गोविंदपुर स्थित चांदनी चौक के समीप मौजूद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शाखा में बुधवार शाम अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बैंक परिसर से धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल प्रशासन और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही टाटा मोटर्स के फायर ब्रिगेड की टीम और झारखंड अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू कर दी। देर शाम तक राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी था और आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है था।
एहतियात के तौर पर बैंक के आसपास स्थित दुकानों को खाली करा लिया गया और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बना दिया गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी तैनात रही और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

