
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा बस्ती में सोमवार शाम मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया है। घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में जहां एक पक्ष ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, वहीं अब दूसरा पक्ष भी सामने आ गया है। दूसरे पक्ष ने पलटवार करते हुए चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
दूसरे पक्ष की शिकायत के अनुसार, घटना के दौरान महिला के साथ बदसलूकी करते हुए साड़ी और ब्लाउज फाड़ दिए गए तथा सोने की चेन छीन ली गई। इस मामले में गुरुद्वारा बस्ती के जय गिरी, अशोक गिरी, संध्या गिरी और शीतल गिरी को आरोपी बनाया गया है। घटना 6 नवंबर की शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया जाता है कि किसी पुरानी कहासुनी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए और चिकित्सीय जांच की व्यवस्था कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक किसी भी पक्ष की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना की जांच जारी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुद्वारा बस्ती क्षेत्र में आए दिन छोटी-छोटी बातों पर विवाद और झगड़े की घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और विवादित परिवारों पर निगरानी रखने की मांग की है ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे।
