
उदित वाणी, जमशेदपुर: आज सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला में दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आत्मा की शांति के लिए एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु जी के निधन से न केवल झारखंड, बल्कि देश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण युग का समापन हो गया है।
प्रभाकर सिंह ने शिबू सोरेन के योगदान की सराहना करते हुए कहा, “गुरु जी ने अपने जीवनभर के संघर्ष में हमेशा पिछड़े आदिवासियों के हक के लिए आवाज उठाई। उनका निधन राज्य और देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें और राज्यवासियों को उनके दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिले।”
इस शोक सभा में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. गुलाब सिंह आजाद, सभी संकायों के विभागाध्यक्ष, सहायक प्राध्यापक और अन्य विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे। सभी ने शिबू सोरेन के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

