
उदित वाणी, कांड्रा: अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के सरायकेला जिला इकाई की ओर से राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के आकस्मिक निधन पर शोकसभा का आयोजन किया गया.
इस मौके पर सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया. इस मौके पर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक दत्ता ने कहा कि शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के आकस्मिक निधन पर झारखंड का शिक्षा जगत स्तब्ध है. शिक्षक और बच्चे शोक में डूबे हैं. जिलाध्यक्ष मानिक प्रसाद सिंह तथा महासचिव सुदामा मांझी ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि सादा जीवन, उच्च विचार के प्रबल समर्थक रहे टाइगर जगरनाथ निश्चल हृदय और मानवता के प्रतिमूर्ति थे.
संघ के मुख्य सलाहकार चंद्रमोहन चौधरी ने कहा कि उनके निधन से जो शुन्यता आई है उज़की निकट भविष्य में भरपाई संभव नहीं है. सभा को जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र साहू ने कहा उनके द्वारा शिक्षा क्षेत्र में जमीनी स्तर पर किए जा रहे सुधारों को सदा याद किया जाएगा.
इस मौके पर तरणी साहू, अश्विनी कुमार मिश्रा, अरुण प्रसाद बर्मन, श्रीधर हलदर, विजय कुमार तिवारी, किशोर कुमार, इंदु कुमारी, प्रदीप मुंडा, हेमंत मार्डी समेत संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित थे.

