
उदित वाणी, जमशेदपुर : रेल सिविल डिफेंस द्वारा 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टाटानगर स्टेशन के मुख्य द्वार प्रांगण में 100 फीट ऊँचा और 20×30 फीट आकार का विशाल राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण क्षेत्रीय प्रबंधक समीर सौरभ ने इलेक्ट्रॉनिक बटन दबाकर किया। इस अवसर पर स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सिविल डिफेंस जवानों द्वारा स्वागत मार्च-पास्ट और राष्ट्रीय ध्वज परेड से हुई। राष्ट्रगान के साथ ध्वज को रेल सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस और स्काउट एंड गाइड के जवानों ने सलामी दी। अपने अध्यक्षीय संबोधन में क्षेत्रीय प्रबंधक ने स्टेशन क्षेत्र के विकास, यात्री सुविधाओं में सुधार और सुरक्षा व्यवस्था में सिविल डिफेंस की भूमिका की सराहना की। उन्होंने आरपीएफ की सक्रियता को स्टेशन क्षेत्र को अपराध-मुक्त बनाने में अहम बताया।

इस मौके पर तीन विशिष्ट व्यक्तियों को विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
प्रभु नाथ सिंह (जमशेदपुर रेड क्रॉस) — ब्लड कंपोनेंट डोनर के रूप में समय पर मरीजों को प्लेटलेट और प्लाज्मा उपलब्ध कराकर अनेक जीवन बचाने हेतु।
मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव ‘छोटू स्नेक ब्वाय’ — रेलवे कॉलोनी और शहर के अन्य क्षेत्रों में विषैले/अविषैले सर्पों को सुरक्षित पकड़कर सर्प और मानव जीवन की रक्षा के साहसिक कार्य के लिए।
श्रेया प्रधान (महिला हेड कांस्टेबल, आरपीएफ) और रंजीत कर पाल (हेड कांस्टेबल, आरपीएफ) — कार्यालय कार्य में मृदु भाषी, स्पष्टता, पारदर्शिता और उत्कृष्ट सेवा के लिए।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि समीर सौरभ ने प्रशंसा पत्र और मोमेंटो, जबकि स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार ने पुष्पगुच्छ प्रदान किए। मंच संचालन सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने किया।
राष्ट्रीय ध्वज प्रदान करने के लिए रोटरी क्लब दालमा की प्रशंसा की गई। परेड में आरपीएफ बटालियन का नेतृत्व सब-इंस्पेक्टर ए.के. सिंह, सिविल डिफेंस बटालियन की अगुवाई अनिल कुमार सिंह और स्काउट एंड गाइड का नेतृत्व दिलीप कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार ने दिया।
कार्यक्रम में स्टेशन के अधिकारी-कर्मचारी, टैक्सी-मैक्सी चालक दल, कुली, यात्री और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित होकर राष्ट्रीय एकता और सद्भावना का परिचय दिया।

