
आज बच्चों की सिट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता, तकनीक कार्यशाला भी
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोपाल मैदन बिष्टुपुर में चल रही 35 वीं पुष्प प्रदर्शनी में फूलों के साथ ही सब्जियां और गार्डेनिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण आकर्षण के केन्द्र बने हुए हैं. प्रदर्शनी के दूसरे दिन फूलों के साथ ही बड़े आकार की सब्जियां लोगों के आकर्षण का केन्द्र रही. इसमें लौकी समेत बैगन और गांठ गोभी को मैदान के बीच में प्रदर्शित किया गया है. टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से मैदान में एक स्टॉल भी लगाया गया है, जिसमें ताजी और ऑर्गेनिक सब्जियों की बिक्री हो रही है. बाजार से थोड़ी ज्यादा कीमत पर मिल रही ये सब्जियां आर्गेनिक खादों से उपजाई गई है. इस केन्द्र पर शहर के लोगों की भीड़ काफी उमड़ रही है.
चाइनीज उपकरणों की भरमार
देश भर से आई नर्सरी ने अपने फूलों का प्रदर्शित किया है. फूलों के साथ ही ये नर्सरी बागवानी के उपकरण और खाद भी बेच रहे हैं. उधर कई स्टॉलों पर केवल खाद और बागवानी के उपकरण मिल रहे हैं. इसमें चाइनीज उपकरणों की भरमार है.

राष्ट्रपति दौरे के खत्म होते ही मैदान में उमड़ी भीड़
राष्ट्रपति के दौरा होने के बावजूद शाम को शो में लोगों की काफी भीड़ रही. दिन से लेकर शाम 4 बजे तक भीड़ कम थी, लेकिन जैसे ही राष्ट्रपति का काफिला शहर से गुजरा और पुलिस ने बैरिकेडिंग हटाई, फ्लावर लवर्स गोपाल मैदान की ओर रूख किए.
सिट एंड ड्रॉ प्रतियोगिता आज
राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए बच्चों की ‘सिट एंड ड्रॉ’ प्रतियोगिता 29 की बजाय 30 दिसंबर को सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक कर दी गई है. आज शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा. 30 दिसंबर शाम में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें शहर के प्रतिभाशाली बच्चों को मंच मिलेगा.

आज भी तकनीक कार्यशाला
बागवानी प्रेमियों के लिए 29-30 दिसंबर को तकनीकी कार्यशालाएं हो रही है, जिसमें आर्ट ऑफ टोपियरी, हाइड्रोपोनिक्स गार्डेनिंग, बालकोनी गार्डेनिंग और लो-कॉस्ट गार्डेनिंग पर विशेषज्ञ चर्चा कर रहे हैं. वैसे तो फ्लावर शो का औपचारिक समापन एक जववरी को होगा, लेकिन समापन समारोह 31 दिसंबर को होगा.
जानिए फ्लावर शो के बारे में
कब से कब तक-28 दिसंबर से एक जनवरी तक
शो का समय-सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक
प्रवेश शुल्क-10 रूपए, विद्यार्थियों के लिए प्रवेश फ्री

