
उदित वाणी, सरायकेला-खरसावां : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में जिले में अवैध खनन, भंडारण और अवैध खनिज परिवहन पर नियंत्रण को लेकर समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
विशेष अभियान में 24 वाहन जब्त, लाखों घनफीट अवैध खनिज बरामद
बैठक की शुरुआत में जिला खनन पदाधिकारी ने 22 जनवरी से 10 मार्च 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस अवधि में अभियान चलाकर कुल 24 वाहन जब्त किए गए, जिनमें 1 जेसीबी, 13 हाईवा, 2 ‘407’ वाहन और 8 ट्रैक्टर शामिल हैं.
लगभग 1,93,200 घनफीट अवैध बालू और 500 घनफीट क्वार्ट्जाइट खनिज भी जब्त किया गया. इस मामले में 3 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं तथा 9 वाहनों से करीब 3.25 लाख रुपये की दंड राशि वसूली गई है.
ई-ऑक्शन से 38 लाख रुपये का राजस्व
बैठक में बताया गया कि जिले के विभिन्न जीआर स्थलों पर जब्त किए गए लगभग 1.55 लाख घनफीट अवैध बालू खनिज का ई-ऑक्शन के माध्यम से नीलामी कराई गई, जिससे जिले को लगभग 38 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है. उपायुक्त ने नीलाम किए गए बालू के वैध प्रेषण पर लगातार निगरानी रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रेषण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
दलमा क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन पर छापेमारी
जिला खनन पदाधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के दलमा इलाके में अवैध पत्थर खनन की शिकायतों के आधार पर खनन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण विभाग और चांडिल अंचलाधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा औचक छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान अवैध पत्थर परिवहन करते हुए 2 ‘407’ वाहन और 1 ट्रैक्टर जब्त किए गए तथा 1.25 लाख रुपये की दंड राशि वसूली गई. इसके अलावा इस अवधि में खनन विभाग द्वारा 6 और प्रदूषण नियंत्रण विभाग द्वारा 4 ईंट भट्ठा इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.
संवेदनशील क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और चेक नाका की व्यवस्था
उपायुक्त ने जिले में अवैध खनन, उत्खनन, भंडारण और परिवहन की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित औचक निरीक्षण अभियान चलाने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा. साथ ही विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में चेक नाका स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हीकरण कर जिला मुख्यालय को प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
खनिज परिवहन की सघन जांच का निर्देश
उपायुक्त ने सभी चेक नाकों पर प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को निर्देश दिया कि खनिज परिवहन से जुड़े वाहनों की सघन जांच की जाए तथा वैध चालान, परमिट और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए. अवैध बालू खनन, पत्थर उत्खनन या अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने को कहा गया. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि खनिज ढुलाई करने वाले सभी वाहनों में सामग्री को पूरी तरह ढककर सुरक्षित ढंग से ले जाया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
अवैध ईंट भट्ठों पर भी कार्रवाई के निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों की जांच कर प्रदूषण नियंत्रण विभाग के समन्वय से आवश्यक कार्रवाई करने और ऐसे भट्ठों को बंद कराने के निर्देश दिए.
अवैध खनन की सूचना पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने निर्देश दिया कि अवैध खनन या अवैध परिवहन से संबंधित किसी भी सूचना पर अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी के स्तर पर संयुक्त कार्रवाई दल गठित कर त्वरित और गोपनीय छापेमारी की जाए. उन्होंने जब्त वाहनों, मशीनरी और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामलों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी प्रकार की प्रक्रियागत देरी न हो.

