
उदित वाणी, जमशेदपुर : 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जमशेदपुर जिला प्रशासन की ओर से रविन्द्र भवन सभागार में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारी, बीएलओ तथा नए मतदाता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
समारोह के दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने विगत चुनावों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मान पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की.
इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों और मतदाताओं को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार मतदान की शपथ दिलाई गई. उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए हर मतदाता का जागरूक और ईमानदार होना जरूरी है. उन्होंने अपील की कि सभी लोग अपने दायित्व को समझते हुए आगामी चुनावों में पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं.

