
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के बालीगुमा स्थित चंद्रेश्वर महादेव दुर्गा मंदिर में आगामी 21 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह एवं श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा. ठाकुर जय मंगल सिंह ट्रस्ट के तत्वावधान में होने वाले इस नौ दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोरों पर हैं.
ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि एनएच-33 के समीप मंदिर परिसर में विधि-विधान से भगवान चंद्रेश्वर महादेव एवं माता दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा होगी. देश के विद्वान आचार्यों और पंडितों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना, हवन और अनुष्ठान संपन्न होंगे.
भागवत कथा और अन्य व्यवस्थाएं
प्राण प्रतिष्ठा के साथ प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और सनातन धर्म की महिमा का वर्णन किया जाएगा. भजन-कीर्तन, संध्या आरती तथा प्रसाद वितरण की भी पूर्ण व्यवस्था रहेगी.
आयोजन समिति ने पंडाल, प्रकाश, पेयजल, बैठने और सुरक्षा के इंतजाम किए हैं. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद के बीच ट्रस्ट ने क्षेत्रवासियों से अधिक भागीदारी की अपील की है. यह समारोह धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता का संदेश देगा.

