
उदित वाणी, चांडिल : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर पंचम बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री कक्ष में जोरदार पहल हुई. विधायक सबिता महतो के नेतृत्व में झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक समेत प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की बदहाल व्यवस्था पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की. ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा चांडिल का पूर्णतः तैयार 100 बेड अनुमंडलीय अस्पताल को अविलंब चालू कराने का उठाया गया, ताकि गरीब व ग्रामीण तबके को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके. साथ ही, विभिन्न गांवों में लंबे समय से खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कर पेयजल संकट दूर करने की मांग की गई.
वहीं, चांडिल गोलचक्कर से गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा तक की जर्जर मुख्य सड़क एक वर्ष से अधूरी होने पर गहरी नाराजगी जताई गई. प्रतिनिधिमंडल ने इसे जिला मुख्यालय से जुड़ने वाली जीवनरेखा बताते हुए संवेदक की लापरवाही पर कार्रवाई और कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की. मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश देने का आश्वासन दिया. इस दौरान झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखण्ड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, विश्वनाथ गोप, समर भुईयां, अर्जुन सिंह मुंडा, पशुपति महतो, शंकर लायेक, संजय महतो, स्नेहा महतो, अभय यादव, मिलन तंतुवाई, मधु गोप सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

