
मुख्यमंत्री बोले – चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार सिंह के साथ राज्य में स्थापित होने वाले झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ़ हेल्थ साइंसेज को लेकर समीक्षा बैठक की. यह विश्वविद्यालय झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय अधिनियम, 2023 के अंतर्गत राज्य का पहला मेडिकल यूनिवर्सिटी होगा.
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की स्थापना और संचालन से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यह संस्था राज्य में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देगी. रांची जिले के बॉम्बे स्थित प्रस्तावित परिसर में बनने वाला यह विश्वविद्यालय राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा.
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि नियमावली गठन और फैकल्टी मेंबर्स की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र आरंभ की जाए, ताकि विश्वविद्यालय का संचालन जल्द शुरू हो सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रक्रियाएं नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाएं.
श्री सोरेन ने कहा कि राज्य में ऐसा मेडिकल यूनिवर्सिटी विकसित किया जाना चाहिए जो मानव संसाधन विकास, चिकित्सा शोध तथा स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण में अहम भूमिका निभाए. उन्होंने कहा, “राज्य की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर और मजबूत बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है.”

