
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सपरिवार अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित ‘बाहा पर्व’ में सम्मिलित हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ नेमरा गांव स्थित जाहेर थान पहुंचे. वहां पारम्परिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की. परंपरा के अनुरूप पूजन कार्य गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू एवं कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने संपन्न कराया. मुख्यमंत्री नेमरा के ग्रामीणों के साथ ‘बाहा पूजा’ के लिए अपने निवास स्थान से पदयात्रा करते हुए जाहेर थान पहुंचे.
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में उत्साह
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘बाहा पर्व’ में शामिल होने अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे. मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर नेमरा सहित आसपास क्षेत्र के लोग काफी उत्साहित नजर आए. संस्कृति के अनुरूप नेमरा के ग्रामीण ढोल-नगाड़ा एवं मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान पहुंचे. मौके पर मुख्यमंत्री ने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साहवर्द्धन किया. उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया.

सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे नेमरा
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन सहित सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे. मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में आसपास क्षेत्र के लोग नेमरा गांव पहुंचे तथा उनसे मुलाकात की. मुख्यमंत्री भी आत्मीयता के साथ लोगों से मिले और उनकी बातों को सुना. इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को ‘बाहा पर्व’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी.

