
उदित वाणी रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन असम विधानसभा चुनाव की कवायद को लेकर 10 मार्च मंगलवार को दो दिवसीय असम दौरे पर जायेंगे। मुख्यमंत्री वहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और रात्रिविश्राम असम में ही करेंगे। मुख्यमंत्री 11 मार्च को रांची लौटेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार हेमंत सोरेन असम में दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सोनितपुर जिले में तेजपुर के पास आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल होंगे। इसके अलावा विश्वनाथ जिले में झामुमो के पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि झामुमो अप्रैल-मई माह में होनेवाले असम विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटा है। जिसके तहत फरवरी में भी मुख्यमंत्री असम दौरे पर गए थे। झामुमो की नजर असम के चाय बागानों में रहने वाले लगभग 70 लाख आदिवासियों पर है। जिसमें बिशेषकर मुंडा, उरांव और संथाल समुदाय के लोग है और वे असम में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने वहां रह रहे आदिवासियों की समस्याओं को दूर कराने का भरोसा दिलाया था। इन आदिवासियों के साथ झामुमो असम में मुस्लिम समुदाय के लोगों को भी अपने पाले में करने के लिए प्रयासरत हैं और झारखंड सरकार के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा व झामुमो के राजमहल के सांसद विजय हांसदा असम में लगातार कैंप कर रह हैं।

