
आरोपियों में हजारीबाग सदर के भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद का नाम भी है शामिल
उदित वाणी, रांची : हजारीबाग की चर्चित वन भूमि घोटाला मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो एसीबी ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है. जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है. उनमें इंद्रदेव प्रसाद, शशि शेखर, जय प्रकाश यादव, चतरु प्रजापति, हाजी कलाम और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं.
ज्ञात हो कि इससे पहले इसी मामले में एसीबी निलंबित आईएएस विनय चौबे तथा कारोबारी विनय सिंह को भी गिरफ्तार कर चुकी है. इसके अलावा दो अन्य प्रशासनिक अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई थी. एसीबी की इस कार्रवाई के बाद हजारीबाग में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. मामले में हजारीबाग सदर के भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद का नाम भी शामिल है. वहीं मामले में कुल 73 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है.
जांच के दौरान एसीबी को जमीन घोटाले से जुड़े और लोगों की जानकारी मिली है. जिसके आधार पर एसीबी की ओर से जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है. आरोप है कि मामले में हजारीबाग उपायुक्त के पद पर रहते हुए निलंबित आईएएस विनय चौबे ने सरकारी और वन भूमि में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की है.

