
उदित वाणी, हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के चुरचू प्रखंड स्थित गोंदवार गांव में गुरुवार देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने हमला कर छह लोगों की जान ले ली. मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों के अनुसार रात करीब एक से दो बजे के बीच पांच हाथियों का झुंड अचानक गांव में घुस आया. अधिकांश लोग गहरी नींद में थे. हाथियों ने कच्चे मकानों को निशाना बनाते हुए घरों की दीवारें और दरवाजे तोड़ डाले. इस हमले से पूरे गांव में कोहराम मच गया और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे. इसी दौरान हाथियों ने छह लोगों को कुचल दिया. मृतकों की पहचान सूरज भुईयां (55), उनकी पतोहू सुमन देवी (25), सुमन के दो छोटे बच्चों और मंगरा भुईयां (58) एवं धनेश्वर राम (करीब 55) के रूप में की गई है.
बताया गया कि सूरज भुईयां का परिवार एक ही घर में सो रहा था, जिन्हें हाथियों के हमले के दौरान भागने का मौका नहीं मिला. घटना के दौरान ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े, बर्तन बजाकर और टॉर्च की रोशनी दिखाकर हाथियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन झुंड देर तक गांव में उत्पात मचाता रहा. काफी मशक्कत के बाद हाथी जंगल की ओर लौटे. इसके बाद गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया. सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इलाके में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात में समूह में रहने की सलाह दी गई है.
उल्लेखनीय है कि झारखंड में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. पिछले करीब 45 दिनों में राज्य में हाथियों के हमलों में 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.
(आईएएनएस)

