
उदित वाणी गुड़ाबांदा : पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत बनमाकड़ी स्थित मेसो अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी अपनी मांगों को लेकर मंगलवार से हड़ताल पर चले गए। अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी अपने बकाया एरियर और चार माह के बकाया वेतन भुगतान की मांग कर रहे हैं। बताते चलें कि विकास भारती एनजीओ द्वारा इस अस्पताल का संचालन कल्याण विभाग के वित्तीय सहयोग से संचालित किया जाता है। प्रखंड में एक मात्र अस्पताल होने के कारण अधिकांश मरीज इस पर निर्भर हैं।
स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हो गई हैं। इस दौरान केवल इमरजेंसी के मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि विगत वर्ष प्रबंधन के साथ कर्मियों की बैठक के बाद मिनिमम वेतन पर सहमति बनी थी। विगत मई से बढ़ा हुआ वेतन देने पर बात हुई थी। वर्तमान समय तक एरियर का भुगतान नहीं किया गया है। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया भुगतान होने के बाद ही काम पर लौटेंगे।

