उदित वाणी, रांची: झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अब पर्यटक ग्लास ब्रिज पर स्काई वॉक का आनंद ले सकेंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पर्यटन विभाग ने रांची के दशम फॉल, हुंडरू फॉल और नेतरहाट के मैग्नोलिया प्वाइंट पर ग्लास ब्रिज बनाने का निर्णय लिया है. इन स्थानों पर पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्रदान करने के लिए जरूरी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.
राजगीर और सिक्किम के ग्लास ब्रिज से प्रेरणा
झारखंड का यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट बिहार के राजगीर और सिक्किम के पेलिंग में बने ग्लास ब्रिज से प्रेरित है. देश में अब तक केवल दो ही स्थानों पर ग्लास ब्रिज बनाए गए हैं.
चीन से प्रेरित मॉडल
दुनिया में ग्लास ब्रिज का पहला निर्माण चीन के हेबई प्रांत के एस्ट तैहांग में हुआ था. इसी तर्ज पर भारत में राजगीर और सिक्किम में ग्लास ब्रिज बनाए गए, और अब झारखंड भी इस सूची में शामिल होने जा रहा है.
परियोजना की योजना और तैयारियां
परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए पर्यटन विभाग ने राजगीर में ग्लास ब्रिज निर्माण करने वाली परामर्शी कंपनी से संपर्क किया है. कंपनी को विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया गया है.
डीपीआर में समाहित होंगे ये बिंदु
परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का विवरण
ग्लास ब्रिज की डिज़ाइन और निर्माण प्रक्रिया
सुरक्षा मानकों का पालन
मेंटेनेंस मॉडल और अनुमानित लागत
पर्यटकों की संभावित संख्या का आकलन
झारखंड पर्यटन में रोमांच की नई शुरुआत
ग्लास ब्रिज का निर्माण दशम फॉल, हुंडरू फॉल और नेतरहाट के मैग्नोलिया प्वाइंट जैसे पर्यटन स्थलों को नई पहचान देगा. झारखंड सरकार के इस कदम से राज्य में पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलने की उम्मीद है.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।