
उदित वाणी, घाटशिला : घाटशिला प्रखंड के कशीदा पंचायत स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन के तहत बन रहे हेरिटेज विलेज का निरीक्षण सोमवार को उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और देरी के कारणों पर संवेदक तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की.
निर्देश: दो माह में पूर्ण हो निर्माण कार्य
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अधूरे कार्य दो महीनों के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि हेरिटेज विलेज को पर्यटकों के लिए खोला जा सके. उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी.
![]()
बुनियादी समस्याओं पर भी हुई चर्चा
निरीक्षण के दौरान स्थानीय अधिकारियों ने स्थल पर बिजली आपूर्ति, जल निकासी जैसी समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया. इस पर उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए.
गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता: उपायुक्त
उपायुक्त श्री सत्यार्थी ने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा. उन्होंने सभी विभागों एवं एजेंसियों से समन्वय के साथ कार्य को प्राथमिकता पर लेते हुए शीघ्र पूर्ण करने की अपील की.
निरीक्षण में शामिल रहे कई अधिकारी
इस अवसर पर एसडीओ श्री सुनील चंद्र, बीडीओ, सीओ, जिला खेल पदाधिकारी, कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

