
उदित वाणी, रांची: झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद पहली बार बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. इस बदलाव में राज्य के 20 जिलों के उपायुक्तों का स्थानांतरण कर दिया गया है. कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने सोमवार को इसकी अधिसूचना जारी की है. यह बदलाव न सिर्फ अधिकारियों के बीच नई जिम्मेदारियाँ तय करता है, बल्कि जिलों में प्रशासनिक दृष्टिकोण और कार्यशैली में भी संभावित परिवर्तन के संकेत देता है.
बोकारो और धनबाद को मिले नए कप्तान
इस फेरबदल में आदिवासी कल्याण आयुक्त अजय नाथ झा को बोकारो का नया उपायुक्त बनाया गया है. वहीं, निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी आदित्य रंजन को धनबाद की कमान सौंपी गई है. इसके अलावा निदेशक बागवानी फैज अक अहमद को रामगढ़ का उपायुक्त नियुक्त किया गया है.
गिरिडीह और खूंटी को मिला नया प्रशासनिक नेतृत्व
निदेशक उच्च शिक्षा राम निवास यादव को गिरिडीह का उपायुक्त बनाया गया है. साथ ही, स्पेशल एप्लिकेशन निदेशक R. रोनिता को खूंटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पूर्व में गिरिडीह के उपायुक्त रहे नमन प्रियेश लकड़ा अब देवघर जिले की कमान संभालेंगे. वहीं पर्यटन निदेशक अंजली यादव को गोड्डा का DC नियुक्त किया गया है.
जमशेदपुर और चाईबासा को नई दिशा देने की तैयारी
गुमला के पूर्व उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को जमशेदपुर का DC बनाया गया है. रामगढ़ के DC रहे चंदन कुमार अब पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के DC होंगे. JSLPS की CEO कंचन सिंह को सिमडेगा की कमान दी गई है.
सरायकेला और गुमला को मिला युवा नेतृत्व
वर्ष 2017 बैच के आईएएस नितिश कुमार सिंह, जो निदेशक अंकेक्षण निदेशालय में कार्यरत थे, अब सरायकेला-खरसावां के DC बनाए गए हैं. जियाडा की MD रहीं प्रेरणा दीक्षित को गुमला भेजा गया है.
हजारीबाग, लोहरदगा और चतरा में नए अफसरों की तैनाती
प्राथमिक शिक्षा निदेशक शशि प्रकाश सिंह को हजारीबाग का उपायुक्त बनाया गया है. कृषि निदेशक कुमार ताराचंद को लोहरदगा और झारक्राफ्ट की एमडी कीर्ति श्री को चतरा का डीसी नियुक्त किया गया है.
दुमका, कोडरमा और पलामू में बदलाव की बयार
उपविकास आयुक्त अभिजीत सिन्हा को दुमका का DC बनाया गया है. वहीं कोडरमा के उपविकास आयुक्त ऋतुराज को उसी जिले की कमान सौंपी गई है. निदेशक बाल संरक्षण समीरा S अब पलामू की DC होंगी.
जामताड़ा और गढ़वा को भी मिला नया नेतृत्व
कार्मिक विभाग में संयुक्त सचिव रहे रवि आनंद अब जामताड़ा जिले के उपायुक्त बनाए गए हैं. वहीं रांची के उपविकास आयुक्त दिनेश यादव को गढ़वा का उपायुक्त नियुक्त किया गया है.
क्या संकेत दे रहा है यह फेरबदल?
हेमंत सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक बदलाव को जनहित, सुशासन और जवाबदेही को प्राथमिकता देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. अब देखना यह है कि ये नए उपायुक्त अपने-अपने जिलों में कैसे बदलाव लाते हैं और विकास की गति को किस दिशा में ले जाते हैं.

