
उदित वाणी, रांची : कांगेस पार्टी द्वारा निकाय चुनाव को काफी गंभीरता से लिया गया है. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी इस चुनाव में लगाया गया है. पार्टी द्वारा सभी वार्डों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि कार्यकर्ताओं को इधर-उधर जाने से रोका जा सके और चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार का प्रदर्शन बेहतर हो. बताया गया कि कांग्रेस अपने सहयोगी दलों पर राजनीतिक दबाब बनाने की रणनीति के तहत काम कर रही है. कांग्रेस की रणनीति शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं के बीच बेहतर पकड़ बनाने की है. निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के आधार पर कांग्रेस सहयोगी दलों पर लोकसभा व विधानसभा चुनावों में अधिक सीट देने के लिए दबाब बना सकती है.
कांग्रेस ने अबतक निकाय चुनाव के दर्जनभर बागी उम्मीदवारों को किया निलंबित
इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव मैदान में डटे दर्जनभर बागी प्रत्याशियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की. प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर अबतक एक दर्जन बागी उम्मीदवारों को संबंधित जिला कमिटी द्वारा निलंबित कर दिया गया है. बागियों के खिलाफ कार्रवाई करने के पहले सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. बताया गया कि पार्टी द्वारा गिरिडीह से बागी उम्मीदवार पंकज सागर और जुगेश्वर महथा, बोकारो स्थित चास नगर निगम के बागी उम्मीदवार सुल्तान अहमद, मानगो नगर निगम की जेबा खान, मिहिजाम नगर परिषद जामताड़ा की बेबी पासवान, चतरा नगर परिषद से राजवीर, कपाली नगर परिषद से मो इरफान, गुमला नगर परिषद से ज्योति कुजूर एवं जास्मीन लुगून को निलंबित कर दिया गया है. इनके अलावा सिमडेगा नगर परिषद से पुष्पा कुल्लू, चक्रधरपुर नगर परिषद के उम्मीदवार बिजय सुम्ब्रई और चाईबासा नगर परिषद के मो सलीम को भी पार्टी से निलंबित किया गया है.

