
उदित वाणी, धनबाद : संथाल प्रवास के क्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन गुरुवार को धनबाद के मैथन पहुंचे. यहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. पेसा (पंचायत विस्तार अधिनियम) कानून को लेकर उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा प्रहार किया और चेतावनी दी कि झामुमो, कांग्रेस व राजद ने आदिवासियों के साथ घोर धोखा किया है.
श्री सोरेन ने कहा कि पेसा कानून लागू कर राज्य सरकार ने आदिवासी समाज को छला है. आदिवासियों ने कुछ हासिल नहीं किया, बल्कि बहुत कुछ खो दिया है. इसके खिलाफ बड़े आंदोलन की जरूरत है. उन्होंने झारखंड के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए बताया कि तिलका मांझी से लेकर अब तक आदिवासी महापुरुषों ने अस्मिता के लिए संघर्ष किया है. लेकिन अब तक समाज को मिला कुछ नहीं, केवल नुकसान हुआ है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि आदिवासी समाज को अपनी अस्मिता बचाने के लिए फिर से आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा. तभी राज्य में उनके हक और अधिकार सुनिश्चित होंगे. कार्यकर्ताओं ने उनके बयान पर तालियां बजाईं और आंदोलन के लिए समर्थन का ऐलान किया.

