
उदित वाणी, रांची : भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण संगठनिक बैठक संपन्न हुई. बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायकगण उपस्थित रहे.
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में होने जा रहे निकाय चुनाव का श्रेय कोर्ट की सख्ती और भाजपा के सड़क से सदन तक चले आंदोलन को जाता है. उन्होंने कहा कि आज राज्य के निकाय क्षेत्रों में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है. प्रशासनिक तंत्र हावी हो गया है और जनता की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं बचा. ऐसे में आगामी निकाय चुनाव में सेवाभावी, जनकल्याण को समर्पित एवं राष्ट्रवादी सोच वाले प्रत्याशियों को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं को संकल्पित होना होगा.

साहू ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हार के डर से राज्य सरकार ने चुनाव को दलीय आधार पर न कराने की घोषणा की है. बैलेट पेपर से चुनाव कराने और प्रशासनिक तरीके से इसे प्रभावित करने की साजिश रची गई है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस साजिश को नाकाम करने का आह्वान किया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने निकाय क्षेत्रों में राष्ट्रवादी सोच वाले और विकास को समर्पित प्रत्याशियों को जिताने का पूरा प्रयास करेंगे.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रदेश में विकास की शून्यता की स्थिति बनी हुई है. निकाय चुनाव में ऐसे उम्मीदवारों को जिताने की जरूरत है जो तुष्टिकरण में विश्वास न करते हों, जिनकी सोच विकास के प्रति समर्पित हो और जो राज्य के निकाय क्षेत्रों को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए संकल्पित हों. उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त विकास की सोच को धरातल पर उतारने वाले प्रत्याशियों को जिताने का संकल्प दिलाया.

