उदित वाणी, जमशेदपुर: बालिगुमा बागान एरिया के सैकड़ों लोगों ने आज भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में मानगो बिजली विभाग के सहायक अभियंता के कार्यालय में प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यालय पहुंचे सहायक अभियंता को लोगों ने कार्यालय के बाहर रोक दिया.
उन्होंने अभियंता से समस्या का समाधान करने के बाद ही कार्यालय के अंदर जाने को कहा. करीब आधे घंटे तक सहायक अभियंता कार्यालय के बाहर लोगों के बीच घिरे रहे. बालिगुमा बागान एरिया के लोगों का कहना है कि हम सभी मानगो नगर निगम अंतर्गत रहते हैं. मानगो नगर निगम के द्वारा निर्धारित टैक्स का सभी लोग भुगतान करते हैं.
उन्होंने कहा कि इलाके में लगे ट्रांसफार्मर को ग्रामीण फीडर से जोड़ दिया गया है, जिसके कारण बालीगुमा बगान एरिया में चौबीस घंटा में मात्र दो घंटे ही बिजली रहती है. एक महीने से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने आज घेराव कर दिया.
लोगों ने कहा कि कल तक अगर बालिगुमा बगान एरिया की बिजली नहीं सुधरी तो लोग एनएच-33 में प्रदर्शन करेंगे. इस दौरान विकास सिंह, नंदू प्रसाद, जे पी महतो, शिव कुमार महतो, अविनाश डोगरा, विनोद पांडेय, मिथिलेश प्रसाद, मनीष कुमार मिश्रा, अदित्य कुमार झा, अनिल कुमार, केके सिंह, सुरेंद्र सिंह, मुकेश साहू, विपिन प्रसाद, पंकज शर्मा, अखिलेश, विजय बारिक, संजय पटेल, भोला महतो, मनोज ओझा, सुशील शर्मा दुर्गा दत्ता, रविभूषण रजक, पंकज सुमन शर्मा, गोपी चौधरी, प्रवीण सिंह आदि उपस्थित थे.


