
उदित वाणी नई दिल्ली: झारखंड के वीर सपूत और परमवीर चक्र से सम्मानित लांस नायक अल्बर्ट एक्का के जीवन पर आधारित प्रेरणादायी फिल्म “जरी गांव (Jari Gaon)” का निर्माण किया जा रहा है. यह फिल्म दिसंबर 2026 में रिलीज होने की संभावना है.
फिल्म की टीम ने नई दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ से मुलाकात कर फिल्म की अवधारणा और उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी. इस दौरान मंत्री ने देश के वीर सैनिकों की बहादुरी और बलिदान को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने की इस पहल की सराहना करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं.
1971 के युद्ध में अल्बर्ट एक्का की वीरता को दिखाया जाएगा
यह फिल्म परमवीर चक्र से सम्मानित 14वीं बटालियन, ब्रिगेड ऑफ द गार्ड्स के वीर सैनिक अल्बर्ट एक्का के प्रेरक जीवन पर आधारित है. इसमें वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान हुए गंगासागर युद्ध में लांस नायक अल्बर्ट एक्का द्वारा दिखाए गए अदम्य साहस और वीरता को दर्शाया जाएगा.
फिल्म में युद्ध के दौरान उनकी बहादुरी के साथ-साथ झारखंड में स्थित उनके पैतृक गांव जरी के सरल जीवन, उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि और भारतीय सेना के जवानों के बीच भाईचारे की भावना को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा.
अनुभवी टीम कर रही है फिल्म का निर्माण
फिल्म का लेखन और निर्देशन सुमंत रातूड़ी ने किया है. यह फिल्म उनके पिता बीरेंद्र मोहन रातूड़ी की रचनाओं से प्रेरित है.
फिल्म का निर्माण सागर गौड़ा (मायराधा प्रोडक्शंस) द्वारा किया जा रहा है. इसके निर्माण में मंजू सिन्हा, सतीश शहनाई, उदय ढंडा और बाला सेंथिल कुमार का भी सहयोग प्राप्त है.
फिल्म से जुड़े लोगों का मानना है कि यह फिल्म न केवल अल्बर्ट एक्का के अद्वितीय साहस और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को भी मजबूत करेगी.

