
उदित वाणी, आदित्यपुर (का.प्र.) : टोल मोड़, आदित्यपुर स्थित कोल्हान प्रमंडल कार्यालय में राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई राजद कोर टीम की बैठक में आगामी 5 अप्रैल को रांची स्थित कार्निवल हॉल में होने वाले तेजस्वी यादव के कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई तथा इस हेतु रणनीति भी तय की गई. बैठक में तेजस्वी यादव के कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनने का संकल्प लेते हुए सामाजिक न्याय की आवाज को और मजबूत करने की बात कही गई. बैठक में कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने हेतु कोल्हान प्रमंडल के सभी जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी एवं सभी प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्षों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई.
इसके तहत कोल्हान क्षेत्र से लगभग एक हजार कार्यकर्ताओं को रांची ले जाने की व्यवस्था की जाएगी. बैठक में बताया गया कि पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष शंभू चौधरी द्वारा 30 गाड़ियों की व्यवस्था की जाएगी, जो आम बागान मैदान से प्रस्थान करेगी. वहीं, सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष बैजू कुमार द्वारा 15 गाड़ियां एवं 3 बस की व्यवस्था करने की बात कही, जो कि आदित्यपुर-2 एवं गम्हरिया से खुलेगी. प्रस्थान करेगी. जबकि पश्चिमी सिंहभूम जिलाध्यक्ष पशुपति नाइक 5 गाड़ियों के साथ चाईबासा से प्रस्थान करेंगे. इस अवसर पर श्रीराम यादव, वीरेंद्र कुमार सिंह यादव, राजेश यादव, परवेज अहमद, सकलेश यादव, अरविंद सिंह, देवनंदन प्रसाद, सिन्नू पांडेय, प्रमोद सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.

