
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के सम्मान में आज विद्यालय परिसर में “ग्रेजुएशन नाइट” कार्यक्रम आहूत किया गया, जिसकी अध्यक्षता सीसीए कोर्डिनेटर तनुश्री साहा ने किया. विद्यार्थियों के विद्यालय जीवन की उपलब्धियों को सम्मानित करने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के उद्देश्य से आहूत इस कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक शम्भू नाथ महतो सह संध्या महतो, अध्यक्ष सुखदेव महतो, श्रीनाथ विश्वविद्यालय के डीन जे राजेश, प्राचार्य संजय कुमार सिंह, विद्यालय प्रबन्धन समिति की सदस्या अनिता महतो, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया.
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें गीत, नृत्य एवं भावपूर्ण भाषण शामिल थे. विद्यालय के प्राचार्य महोदय ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह दिन उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और उन्हें अपने ज्ञान, संस्कार एवं मेहनत के बल पर समाज एवं राष्ट्र का नाम रोशन करना चाहिए. वहीं विद्यालय की सीनियर कोर्डिनेटर स्वेता गुहा राय ने छात्रों को आषीश वचन देते हुए शुभकामनाएं दी. अंत में विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया.

