
उदित वाणी, आदित्यपुर : भाजपा समर्थित संजय सरदार आदित्यपुर नगर निगम के नए महापौर निर्वाचित हुए हैं. श्री सरदार ने 7,795 मतों के अंतर से दर्ज की ऐतिहासिक जीत हासिल की. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित प्रत्याशी भुगलू सोरेन को 7,795 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया. श्री सरदार को कुल 24,615 मत प्राप्त हुए. वहीं, विपक्षी खेमे के झामुमो समर्थित महापौर प्रत्याशी भुगलू सोरेन इस चुनावी दौड़ में पिछड़ गए. यह जीत क्षेत्र में भाजपा की पकड़ और जनता के भरोसे को मजबूती से दर्शाती है.
संजय सरदार ने जीत का श्रेय जनता और पार्टी नेतृत्व को
अपनी जीत की आधिकारिक घोषणा के बाद, संजय सरदार ने विनम्रतापूर्वक इस सफलता को आदित्यपुर की जनता के चरणों में समर्पित किया. उन्होंने कहा “यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि आदित्यपुर के प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता की जीत है. भाजपा नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उसका पूरी ईमानदारी से निर्वहन करूँगा. मेरा प्राथमिक लक्ष्य नगर निगम क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्यों को गति देना और बुनियादी सुविधाओं को घर-घर तक पहुँचाना है.” उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में सड़क, जल निकासी, और स्वच्छ पेयजल जैसी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर होगा. उन्होंने क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए एक पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने का संकल्प भी दोहराया.

