
उदित वाणी, आदित्यपुर : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत “रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” अभियान के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो की उपस्थिति में आदित्यपुर-ग़म्हरिया क्षेत्र में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
वहीं, कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा टीम द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों से ओवरस्पीडिंग न करने की अपील की गई. साथ हीं ओवरस्पीडिंग के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं से अवगत कराते हुए वाहन चालकों के बीच पैम्फलेट का वितरण किया गया. इस अवसर पर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने हेतु भी आम लोगों को जागरूक किया गया.
कार्यक्रम के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक टीम द्वारा गम्हरिया चौक, लाल बिडिलंग एवं गम्हरिया बाज़ार में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम नागरिकों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित संदेश प्रसारित किए गए. नुक्कड़ नाटक के माध्यम से हेलमेट की उपयोगिता तथा ओवरस्पीडिंग से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया. साथ हीं कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन हेतु शपथ भी दिलाई गई.

