
उदित वाणी, आदित्यपुर : आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती देने और स्थानीय उद्योगों को रक्षा उत्पादन से जोड़ने के उद्देश्य से आदित्यपुर ऑटो कलस्टर में आगामी 16 व 17 जनवरी को आहूत किए जाने वाले एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव–2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर परिसर में उद्यमी संगठन एशिया (एसिया), लघु उद्योग भारती और सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारी और सदस्य दिन-रात कॉन्क्लेव की तैयारी से संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं.
इस कॉन्क्लेव के लिए ऑटो क्लस्टर परिसर में लगभग 15 हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है. यहां रक्षा क्षेत्र से जुड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों, राष्ट्रीय व स्थानीय एमएसएमई के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे. प्रदर्शनी के साथ-साथ सेमिनार, बी2बी मीटिंग, पैनल चर्चा और वर्कशॉप की भी तैयारियां चल रही हैं. आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल ने बताया कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के करीब 500 उद्योगों को कॉन्क्लेव में भाग लेने के लिए आमंत्रण भेजा गया है, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय उद्यमी रक्षा क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से सीधे जुड़ सकें.
इस आयोजन के माध्यम से ऑटोमोबाइल और रेलवे सेक्टर में कार्यरत इकाइयों को रक्षा उत्पादन की संभावनाओं से अवगत कराया जाएगा. उल्लेखनीय है कि झारखंड में पहली बार स्टेट लेवल एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन 16 जनवरी को देश के रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ करेंगे. आयोजकों का कहना है कि यह कॉन्क्लेव कोल्हान और पूरे झारखंड के एमएसएमई उद्योगों के लिए रक्षा क्षेत्र में नए रास्ते खोलेगा और स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय रक्षा आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा. इस अवसर पर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मानव केडिया, एशिया के उपाध्यक्ष राजीव रंजन मुन्ना व संतोख सिंह, महासचिव प्रवीण गुटगुटिया, पूर्व कोषाध्यक्ष चतुर्भुज केडिया, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विनोद शर्मा सहित अन्य उद्यमी उपस्थित थे.

