
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (त्रिपाठी गुट) राज्य कार्यकारिणी की आज रांची स्थित महासंघ कार्यालय में प्रांतीय अध्यक्ष विनीत कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में सरकार से आठवें वेतन आयोग का गठन करने तथा कर्मचारियों की सेवानिवृति की उम्र सीमा 65 वर्ष करने की मांग की गई. बैठक में अनुकंपा के आधार पर वर्ग 4 के कर्मचारियों की नियुक्ति में मैट्रिक पास की अनिवार्यता समाप्त करने, एलडीसी के कर्मचारियों को 2,400 का ग्रेड पे देने, महासंघ के प्राधिकारियों के स्थानांतरण पर रोक लगाने, एसीपी व एमएसपी में विभागीय लेखा परीक्षा की उत्तीर्णता की बाध्यता को समाप्त करने तथा कार्य विभाग के लिपिक को जनजातीय परीक्षा से विमुक्त करने की मांग भी की गई. वहीं, बैठक में झारखंड नायक स्वर्गीय दिशोम गुरु जननायक शिबू सोरेन को श्रद्धांजली भी दी गई. इस अवसर पर महासंघ के मुख्य संरक्षक धर्मराज तिवारी, महामंत्री राजाराम सिंह, प्रांतीय सम्मानित सम्मानित अध्यक्ष विमल कुमार सिंह, संरक्षक सतीश कुमार सिन्हा, शिवाकांत झा, प्रांतीय संयुक्त सचिव प्रणव शंकर, प्रभात कुमार, प्रांतीय उपाध्यक्ष ललन कुमार, संगठन सचिव शिव शंकर पांडेय सहित हजारीबाग, पलामू, गढ़वा, रांची, देवघर, रामगढ़, सरायकेला, कोडरमा, जमशेदपुर के साथ अन्य जिलों से भी महासंघ के पदाधिकारी उपस्थित थे.

