
उदित वाणी, आदित्यपुर : झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आज संध्या समय ईमली चौक (फुटबॉल मैदान), आदित्यपुर में संगीतमय संध्या का कार्यक्रम आहूत किया गया. जिला में जनसहभागिता एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से आहूत इस कार्यक्रम में लाइव इंस्ट्रुमेंटल बैंड द्वारा वाद्य संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई.
झारखंड की जीवंत सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक उत्सव के इस वातावरण का उपस्थित लोगों ने भरपूर लुत्फ उठाया. कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में झारखंड राज्य की गौरवशाली परंपरा, एकता और सांस्कृतिक विविधता के प्रति गर्व एवं उत्साह का संचार करना है. इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत तथा उप विकास रीना हांसदा ने संयुक्त रुप से किया.

इस अवसर पर जिला भ्रमण पर आए प्रशिक्षु आईएएस, प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी निवेदिता नियति, नगर निगम के प्रशासक, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, जिला बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष ओमप्रकाश, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव दयाशंकर मिश्रा, आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र प्रसाद, रामाकांत गिरी, बादल महतो सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे.

