
उदित वाणी, आदित्यपुर : जयप्रकाश उद्यान, आदित्यपुर में आज सुबह सम्पन्न हुई वॉर्ड सभा में सर्वसम्मति से जयप्रकाश उद्यान पथ (आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग से जयप्रकाश उद्यान होते हुए लक्ष्य अपार्टमेंट तक) के निर्माण की मांग की गई.
सभा शुरू होने से पूर्व आम सभा में वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत संबंधित विषय पर विस्तार से चर्चा हुई. नगर निगम के कनीय अभियंता राहुल कुमार की उपस्थिति में आयोजित इस आम सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए.
ज्ञात हो कि पिछले आठ वर्षों से पूर्व पार्षद नीतू शर्मा और आम नागरिक वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए प्रयासरत थे. लगभग दो वर्ष पूर्व वन विभाग से एनओसी मिलने के बाद नगर निगम द्वारा निविदा जारी की गई और सांसद जोबा माझी ने संबंधित सड़क निर्माण हेतु शिलान्यास किया.
अनापत्ति प्रमाण पत्र के नियमों के मुताबिक सड़क निर्माण के लिए एक वर्ष की समय सीमा निर्धारित की गई थी, लेकिन नगर निगम की लापरवाही के कारण कार्य रद्द हो गया. पूर्व पार्षद श्रीमती शर्मा ने कहा कि वर्षों की अथक कोशिशों के बाद एनओसी तो मिल गया, मगर निगम की निष्क्रियता के चलते जनता के श्रम पर पानी फिर गया.
सभा में इस मुद्दे को फिर से उठाते हुए पथ निर्माण के लिए कमिटी का भी गठन किया गया जिसमें प्रतिमा देवी को अध्यक्ष और मंजू देवी को सचिव बनाया गया.
इस अवसर पर मंजू देवी, रीता कुमारी, अभय कुमार सिन्हा, जे एन सिंह, गुड्डू कुमार, आभा चौरसिया, रमेश चंद्र चौरसिया, कुमारी प्रिया, देसी कुमारी, कनकलता, सविता किर्तोनिया, मंजू तिवारी, पम्मी, शकुंतला शर्मा, अंजू शाह, कैलाश पाठक, के राव, सपना सिंह, शशांक कुमार, विनीत सहाय, सुरेश कुमार, के कुमारी, सत्येंद्र कुमार सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

