
उदित वाणी, आदित्यपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र की बाबा आश्रम कॉलोनी, आदित्यपुर-02 स्थित मकान संख्या एस/5 में रहने वाला 18 वर्षीय इंटरमीडिएट का छात्र पुष्पम राज मिश्रा (पिता निरंजन मिश्रा) पिछले 15 दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है. पुष्पम, निरंजन मिश्रा का इकलौता पुत्र है और मूलतः बिहार के मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र के पढ़वारा गांव का निवासी है.
मिली जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर 2025 की शाम पुष्पम अपने घर से बाहर निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा. परिजनों ने रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क कर काफी खोजबीन की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला. इस संबंध में आरआईटी थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की है.
घटना के 15 दिन बीत जाने के बावजूद छात्र का कोई पता नहीं चल पाया है. इकलौते बेटे के लापता होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में सन्नाटा पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से विशेष टीम गठित कर छात्र की खोज तेज करने की मांग की है. परिजन अब भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि उनका बेटा सुरक्षित लौट आएगा.

