
उदित वाणी, आदित्यपुर : छठ व्रत के मद्देनजर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने आज आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्राधीन आदित्यपुर एवं आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित विभिन्न नदी घाट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने घाटों की साफ-सफाई, नालों की सफाई, आवागमन मार्ग की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की उपलब्धता, बैरिकेडिंग, पेयजल की व्यवस्था तथा सुरक्षा बलों की तैनाती की स्थिति का जायजा लिया.
श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय पर पूर्ण करें आवश्यक तैयारियां: डीसी
उपायुक्त श्री सिंह ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियाँ समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि घाटों का समतलीकरण, जलस्रोतों का शुद्धिकरण, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा दल की तैनाती, नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रुम) और आपातकालीन सहायता दल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उन्होंने नदी घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत व बैरिकेडिंग उचित ढंग से करने का निर्देश भी दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो. नगर निकाय एवं पंचायत स्तर पर भी स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है, ताकि सभी घाटों की साफ-सफाई पूर्ण रूप से सुनिश्चित की जा सके.
छठ पर्व में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर रहेगा विशेष ध्यान: एसपी
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके लिए पुलिस बलों की तैनाती, गश्ती दलों की व्यवस्था एवं ड्रोन से निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. वहीं, प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे छठ पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की असावधानी या अव्यवस्था न होने दें. निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की, आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार, जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश, कांग्रेस नेता सुरेश धारी, लक्ष्मण प्रसाद, अरविन्द कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

