उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर के अलग-अलग स्थानों पर चैती छठ व्रत के मौके पर श्रद्धालुओं ने भगवान भाष्कर को अस्ताचलगामी (डूबते समय का) अर्ध्य अर्पित किया. जयप्रकाश उद्यान सहित अन्य छठ घाट पर आज यह नजारा देखने को मिला. इस दौरान छठ व्रती और उनके परिजन भी काफी संख्या में उपस्थित थे. इससे पूर्व अलग-अलग स्थानों से श्रद्धालु अपने परिजनों और परिचितों के साथ नदी घाट पहुँचे थे. व्रतियों द्वारा कल प्रातः भगवान भाष्कर को उदीयमानगामी (उगते समय का) अर्ध्य अर्पित किया जायेगा.

नदी में दिखा गन्दगी का अंबार
चैती छठ व्रत के मौके पर जयप्रकाश उद्यान नदी घाट पहुँचे आम लोग नदी की दयनीय स्थिति को देखकर चिंतित भी दिखे. नदी का पानी ठहरा हुआ था तथा उससे निकलने वाली दुर्गंध के कारण वहां पहुंचे लोग परेशान दिखे. नदी घाट और नदी के पानी में जलकुंभी और गन्दगी का अंबार भी देखने को मिला. वहाँ पहुँचे लोग नदी की वर्तमान स्थिति के लिए आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन की अनदेखी को जिम्मेवार ठहरा रहे थे.


