
उदित वाणी, आदित्यपुर : चौका-कांड्रा मार्ग स्थित लखना सिंह घाटी में एक ट्रक में आग लगने की घटना ने तब तूल पकड़ लिया जब ट्रक मालिक ने इसे सुनियोजित साजिश बताया. ट्रक मालिक शंकर चौपाल ने आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनके ट्रक को चोरी कर जानबूझकर आग के हवाले किया गया है.
ट्रक चोरी कर ले गए, फिर घाटी में लगाई आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात उनका ट्रक श्रीडुंगरी टोल ब्रिज स्थित पार्किंग में खड़ा था. गुरुवार सुबह चौका थाना से सूचना मिली कि लखना सिंह घाटी में एक ट्रक जल गया है. मौके पर पहुंचने पर ट्रक की पहचान शंकर चौपाल के वाहन के रूप में हुई.
सीसीटीवी फुटेज से पहचान
टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से दो व्यक्ति ट्रक को चोरी कर ले जाते दिखाई दिए. उनकी पहचान ओमप्रकाश महतो और नकुल साव के रूप में हुई है. प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया गया है कि इन दोनों व्यक्तियों ने पूर्व में ट्रक में आग लगाने और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच में जुट गई है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. यह मामला सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि एक गहरी साजिश का संकेत दे रहा है, जिसकी परतें अब खुल रही हैं.

