
उदित वाणी, आदित्यपुर : बीएमडब्ल्यू कंपनी में कार्यरत कर्मचारी वलिस्टर महतो की मंगलवार को हुई दुर्घटना जनित मृत्यु के बाद कंपनी प्रबंधन और मृतक परिवार के बीच समझौता हो गया है. यह समझौता बीएमडब्ल्यू वर्कर्स यूनियन के संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह की पहल पर बुधवार को संपन्न हुआ.
समझौते के तहत कंपनी की ओर से मृतक की पत्नी किसानवती देवी को ₹15 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी.
साथ ही, मृतक के पुत्र विशाल कुमार को उसकी योग्यता एवं कंपनी के नियमों के अनुसार नौकरी दी जाएगी. ज्वाइनिंग की तारीख का निर्धारण वह अपनी सुविधा अनुसार कर सकेंगे. इसके अलावा, मृतक को मिलने वाले पीएफ, पेंशन और अन्य विधिक लाभों के लिए भी कंपनी पूरा सहयोग करेगी.
समझौते में यह भी तय हुआ कि कंपनी मृतक की दोनों पुत्रियों के विवाह में यथासंभव सहयोग देगी. वहीं, पार्थिव शरीर को घर ले जाने के लिए कंपनी की ओर से एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई. परिवार के अंतिम संस्कार के लिए प्रयुक्त वाहन का खर्च भी कंपनी ने उठाने पर सहमति जताई.
बैठक में कंपनी एवं परिजनों के बीच यह भी तय हुआ कि इस दुर्घटना के लिए किसी व्यक्ति या पक्ष को दोषी नहीं माना जाएगा तथा भविष्य में परिवार की ओर से कोई नया कानूनी दावा कंपनी पर नहीं किया जाएगा.
वार्ता में मृतक के परिजनों के अलावा यूनियन संरक्षक पूर्व विधायक अरविंद सिंह, अध्यक्ष विकास राय, कमेटी मेंबर अभिषेक कुमार, विजय सिंह, असीम दास, रजनीश पांडेय, सहित अन्य यूनियन पदाधिकारी एवं कंपनी प्रबंधन की ओर से प्रहलाद चौधरी और भुवनेश पारिख उपस्थित रहे.

