
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 30 स्थित हरिजन बस्ती की महिलाओं ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और नगर निगम अधिकारियों पर भेदभाव एवं लापरवाही का आरोप लगाया.
बस्तीवासियों का कहना है कि नगर निगम की ओर से अब तक इलाके में पानी का कनेक्शन नहीं दिया गया है, इसके बावजूद बिना कनेक्शन वाले घरों को जुर्माना वसूलने का नोटिस भेजा गया है. इसी के विरोध में महिलाओं ने यह प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे नगर निगम के पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी ने कहा कि रघुवर दास सरकार के कार्यकाल में बस्ती के प्रत्येक घर को पानी का कनेक्शन देने की घोषणा की गई थी, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ. कुछ घरों को आंशिक रूप से कनेक्शन दिए गए थे और बाकी लोग उन्हीं घरों से पाइप जोड़कर पानी भरते थे. अब नगर निगम ने इन कनेक्शनों को ‘अवैध’ बताते हुए बस्तिवासियों पर जुर्माना थोप दिया है.
जब तक नहीं मिलेगा पानी, नहीं भरेंगे जुर्माना
महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक उन्हें विधिवत पानी का कनेक्शन नहीं मिलेगा, तब तक वे जुर्माना नहीं भरेंगी. उन्होंने बताया कि हरिजन एवं आदिवासी परिवारों की इस बस्ती में अधिकांश लोग निम्न आय वर्ग से हैं, और इलाके में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है.
बस्तीवासियों ने नगर निगम से मांग की कि पहले जलापूर्ति की समस्या का समाधान किया जाए, तभी किसी प्रकार का शुल्क या दंड उचित होगा. विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण रही, हालांकि आदित्यपुर पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य हो गई.

