
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 17 में मतदान के दौरान गंभीर प्रशासनिक अव्यवस्था का मामला सामने आया, जिसने चुनावी तैयारियों और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए. बूथ संख्या 124 पर तैनात बीएलओ सत्यम भारद्वाज की भूमिका को लेकर विवाद खड़ा हो गया. प्रशासनिक लापरवाही के आरोपों के बीच उन्हें बूथ से हटाया गया, लेकिन आरोप है कि हटाए जाने के बाद वे बूथ की मतदाता सूची अपने साथ लेकर चले गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मतदाता सूची उपलब्ध न होने के कारण करीब डेढ़ घंटे तक मतदान कार्य प्रभावित रहा. इस दौरान बूथ के बाहर मतदाताओं में असमंजस की स्थिति बनी रही. कई लोग मतदान केंद्र के आसपास इधर-उधर भटकते नजर आए, जबकि कुछ मतदाता बिना वोट डाले लौटने को मजबूर हुए. मतदाताओं ने व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी अव्यवस्था लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करती है.
मौके पर स्थिति संभालने पहुंचे बीएलओ सुपरवाइजर अभिषेक मिंज और सहायक बूथ प्रभारी सुरेंद्र कुमार के बीच नोक-झोंक की भी सूचना है. स्थानीय सूत्रों का कहना है कि मतदाता सूची की अनुपलब्धता को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया. वैकल्पिक व्यवस्था कर मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई, जिसके बाद मतदान प्रक्रिया पुनः शुरू हो सकी. हालांकि, इस घटना ने चुनाव प्रबंधन की तैयारियों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है.
प्रत्याशियों में भी इस लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखी गई. उनका कहना है कि मतदान जैसे संवेदनशील कार्य में ऐसी चूक अस्वीकार्य है और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. वहीं, मतदाताओं के चेहरों पर मायूसी साफ दिखी. अब सभी की निगाहें प्रशासन के रुख पर टिकी हैं कि इस कथित लापरवाही और अव्यवस्था के लिए क्या कार्रवाई की जाती है.

