
उदित वाणी, आदित्यपुर : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार सरायकेला के अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन द्वारा आज आदित्यपुर क्षेत्र के शेरे पंजाब चौक, इमली चौक तथा गम्हरिया क्षेत्र स्थित विभिन्न मिठाई दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान पनीर, खोवा एवं दूध से निर्मित मिठाइयों, लड्डू, बूंदिया, चाट तथा समोसे में प्रयुक्त मसालों के गुणवत्ता की जाँच की गई.

जाँच में पाया गया कि कुछ दुकानों में समोसा मसाला पैकेटों पर समुचित लेबल नहीं थे, जिस कारण कुल 30 पैकेट मसाला को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया. साथ हीं सभी दुकानदारों को अखबार में लपेटकर खाद्य सामग्री का विक्रय न करने का निर्देश भी दिया गया. और निरीक्षण के दौरान उपलब्ध सभी अखबार-निर्मित पैकेटों को नष्ट कर दिया गया. इस दौरान दुकानदारों को भविष्य में ऐसा करते पाए जाने पर उनके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम_2006 के अंतर्गत सख्त कार्रवाई करने की सख्त चेतावनी भी दी गई.
निरीक्षण के क्रम में टीम ने जांच हेतु दो दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला परीक्षण के लिए विधि अनुसार भेजा गया है. जाँच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार त्योहारों के मद्देनज़र जिला में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा. साथ हीं आम जनता से अपील की गई है कि अगर किसी प्रतिष्ठान में अस्वच्छ अथवा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की जा रही हो, तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा खाद्य सुरक्षा विभाग को दें.

