
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम में उप महापौर पद के लिए 16 मार्च को होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. इस पद के लिए अंकुर सिंह और अर्चना कुमारी के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है. दोनों पक्षों द्वारा चुनाव जीतने के लिए जोर-शोर से तैयारी की जा रही है और निर्वाचित पार्षदों को अपने पक्ष में करने की कोशिशें भी तेज हो गई हैं.
सूत्रों के अनुसार दोनों खेमों की ओर से नवनिर्वाचित पार्षदों को अपने-अपने पक्ष में लाने के लिए लगातार संपर्क साधा जा रहा है. इसके लिए जहां कुछ पार्षदों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन दिए जाने की चर्चा है, वहीं कुछ को अप्रत्यक्ष रूप से दबाव या धमकी दिए जाने की बातें भी सामने आ रही हैं. उप महापौर पद की इस चुनावी दौड़ में साम, दंड और भेद जैसे सभी राजनीतिक तरीकों के इस्तेमाल की चर्चा भी शहर में हो रही है.
बताया जाता है कि अंकुर सिंह दिवंगत प्रवीण सिंह के पुत्र हैं और पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह के भतीजे हैं. वहीं अर्चना कुमारी मनमोहन सिंह की पत्नी हैं और नगर निगम की दिवंगत पार्षद राजमणि देवी की पुत्रवधू हैं.
हालांकि उप महापौर पद के लिए बिजेश सिंह टोंडी और परितोष बेज के नामों की भी चर्चा राजनीतिक गलियारों में हो रही है.
उल्लेखनीय है कि आदित्यपुर नगर निगम में कुल 35 नवनिर्वाचित पार्षद हैं और इन्हीं के बीच से उप महापौर पद के लिए चुनाव होना है. 16 मार्च को होने वाले इस चुनाव पर पूरे क्षेत्र की निगाहें टिकी हुई हैं.

