
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर-02 के एलआईजी फ्लैट परिसर में सामूहिक सरस्वती पूजा के सामूहिक प्रसाद वितरण के दौरान उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब देर रात अचानक बिजली के पोल में आग लग गई. और आग की लपटें तेज़ी से फैलने लगीं, जिससे पूजा पंडाल और आस-पास के इलाके को नुकसान होने की आशंका उत्पन्न हो गई. इस दौरान स्थल पर मौजूद पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना बिजली मिस्त्री के साथ जलते पोल पर चढ़ गए और फिर बालू की मदद से आग पर काबू पाया गया. पूर्व पार्षद की बहादुरी से एलआईजी फ्लैट परिसर के लोगों ने राहत की सांस ली. स्थानीय लोगों के अनुसार, अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पूजा पंडाल समेत आसपास के घरों को भारी नुकसान हो सकता था.

