
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के महापौर प्रत्याशी रविन्द्र बास्के (चुनाव चिह्न–बेंच छाप) ने केंदू गछ चौक, आदित्यपुर के सामने सिटी सेंटर के लिए चिह्नित खाली भूखंड पर एकत्र कचड़े के ढेर में बीती रात लगी भीषण आग पर तीखा रोष जताया है.
प्रेस वार्ता में श्री बास्के ने कहा कि उक्त स्थान पर कल से आग सुलग रही है, लेकिन नगर निगम या प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है. सुलगती आग से मिथेन गैस का रिसाव हो रहा है, जिससे आसपास की कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों को सांस की बीमारी सहित गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने बिना नाम लिए एक अन्य महापौर प्रत्याशी पर आरोप लगाया कि उन्होंने कचड़ा फेंकने के एवज में भूखंड उपलब्ध कराकर मासिक शुल्क वसूला है.
श्री बास्के ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित स्थान पर कचड़ा फेंकने पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई, तो वे इस मामले को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में ले जाएंगे. उल्लेखनीय है कि विगत 9 मई को युवा संगठन के माध्यम से उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण परिषद के क्षेत्रीय पदाधिकारी को पत्र देकर कचड़ा फेंकने पर रोक लगाने और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी.
प्रेस वार्ता में दीपक सोरेन, सुधाकर हांसदा, गणेश मुर्मू व राजू मुखी उपस्थित थे.

