
उदित वाणी, आदित्यपुर : संपूर्ण आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में विगत एक सप्ताह से कचड़ा उठाव बंद होने के कारण व्याप्त अव्यवस्था के विरुद्ध जन कल्याण मोर्चा के बैनरतले आदित्यपुर के अधिवक्ताओं की एक टीम ने जिला उपायुक्त की अनुपस्थिति में आज शाम अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की तथा उन्हें ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में अविलम्ब सफाई व्यवस्था को नियमित रूप से चालू कराने की मांग की गई है. क्योंकि कचड़ा का उठाव नहीं होने के कारण नगर निगम क्षेत्र के सभी 35 वॉर्ड में कचड़ा का अंबार लग गया है. एकत्रित कचड़े की वजह से कई सड़के भी बंद हो गई है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है.
ज्ञापन में एकत्रित कचड़े को हटाकर वहां ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने और पूरे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में मच्छड़ों के प्रकोप को कम करने के लिए फॉगिंग मशीन चलाने की मांग की गई है, ताकि किसी भी हालत में महामारी को रोका जा सके.
ज्ञापन का अवलोकन करने के बाद अपर उपायुक्त ने तत्काल आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त से बात कर नियमित रुप से सफाई व्यवस्था चालू कराने की बात कही. टीम में जनकल्याण मोर्चा के अध्यक्ष सह अधिवक्ता ओम प्रकाश, अधिवक्ता अरुण कुमार सिंह, अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह एवं श्वेता महतो शामिल थे.

