
उदित वाणी, जमशेदपुर : दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर शनिवार को आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर के सभागार में आज उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत के साथ प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जिला स्तरीय पदाधिकारी भी शामिल हुए. बैठक में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और झारखंड हाईकोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के दौरान प्रतिनियुक्त अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है.
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने-अपने स्थल पर पूर्ण सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ तैनात रहें. सोशल मीडिया पर पैनी निगरानी रखी जाए और अफवाह अथवा भ्रामक समाचार के प्रसार को रोका जाए. श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु यातायात व्यवस्था और पार्किंग सुव्यवस्थित की जाए. सभी पूजा पंडाल समितियां पंडाल परिसर में साफ- सफाई, प्रकाश, पेयजल, अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार की सुविधा सुनिश्चित करें.
प्रत्येक पंडाल में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश और निकास द्वार हों और आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक निकास अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए. रावण दहन और विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित समय, मार्ग और चिन्हित स्थलों पर संपन्न हों. 2 अक्टूबर को जिले में #ड्राई_डे रहेगा और सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी. बैठक में सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि सभी एम्बुलेंस चिन्हित स्थलों पर तैनात रहें और चिकित्सा दल सक्रिय मोड में उपलब्ध रहें.
पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता शांति- व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा होगी. उन्होंने बताया कि 28 सितम्बर से 3 अक्टूबर तक विभिन्न क्षेत्रों में #नो_एंट्री ज़ोन प्रभावी रहेगा. वाणिज्यिक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित होगा. निर्धारित पार्किंग स्थलों पर कतारबद्ध पार्किंग सुनिश्चित की जाएगी. और सर्विस रोड पर अनधिकृत दुकानों एवं ठेले लगाने की अनुमति नहीं होगी.
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पूजा समितियों से उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा- निर्देशों का अक्षरशः पालन कराएं. सभी वरीय पदाधिकारी और गश्ती दल नियमित रूप से भ्रमणशील रहेंगे और श्रद्धालुओं व समिति सदस्यों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करेंगे. उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित अधिकारियों को दुर्गा पूजा और दशहरा की शुभकामनाएँ दीं और पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु पूर्ण तत्परता और ईमानदारी से कार्य करने का निर्देश दिया.

