
उदित वाणी, आदित्यपुर : आकाशवाणी चौक, आदित्यपुर के पास स्थित एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में काम करने वाली दो महिला कर्मियों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करने की बात सामने आई है. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ आधार कार्ड में सुधार कराने के लिए वहां पहुंचा था.
वहां कार्यरत युवती ने जब आधार सुधार के लिए निर्धारित शुल्क की जानकारी दी, तो उक्त व्यक्ति भड़क गया. उसके बाद फीस को लेकर शुरु हुई बहस देखते हीं देखते हिंसक हो गई. इस दौरान आरोपी व्यक्ति के द्वारा अपनी पत्नी की मौजूदगी में हीं युवती के साथ बदतमीजी शुरू कर दी गई. जब पीड़िता ने आरोपी के व्यवहार का विरोध किया और मोबाइल से घटना की वीडियो बनाने की कोशिश की, तो आरोपी आगबबूला हो गया और उसने युवती पर हमला कर दिया.
इस दौरान युवक के द्वारा केंद्र में मौजूद दूसरी युवती के साथ भी धक्का-मुक्की की गई. सूचना मिलते हीं आदित्यपुर थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची. स्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का अवलोकन किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पीड़ित युवतियों द्वारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. वहीं, पुलिस टीम का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

