
उदित वाणी, जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में घाटशिला विधानसभा उप निर्वाचन 2025 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय की संयुक्त अध्यक्षता में मतगणना दिवस की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अक्षरशः अनुपालन को सुनिश्चित करने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपादित हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित ढंग से की जाएं. प्रत्येक टेबल पर प्रशिक्षित कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, मतगणना पर्यवेक्षकों एवं सहायक अधिकारियों की उपस्थिति, वीडियोग्राफी और नियंत्रण कक्ष से सतत निगरानी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए.

साथ ही, स्ट्रॉन्ग रूम से ईवीएम की निकासी, मतगणना हॉल में टेबलों की संख्या, मतगणना की क्रमिक प्रक्रिया और राउंडवार परिणाम संप्रेषण की व्यवस्था पर भी विस्तृत चर्चा हुई. उपायुक्त ने पोस्टल बैलेट और ईटीबीपीएस मतों की गणना के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मतगणना टेबल पर पर्याप्त प्रकाश, संचार सुविधा और नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके.
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर स्थित मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बिना वैध पास के किसी भी व्यक्ति का परिसर में प्रवेश वर्जित रहेगा.
बैठक में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) भगीरथ प्रसाद, निर्वाची पदाधिकारी घाटशिला सुनील चन्द्र, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

