
उदित वाणी, घाटशिला : सोना देवी विश्वविद्यालय में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रगति की दिशा में एक नई पहल के तहत डॉ० नीत नयना ने कुलसचिव पद का विधिवत पदभार ग्रहण किया. इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा. सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र–छात्राओं ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की.
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ० ब्रज मोहन पाट पिंगुआ ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि डॉ० नीत नयना का व्यापक शैक्षणिक, शोधात्मक और प्रशासनिक अनुभव विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा. उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली और अधिक पारदर्शी, अनुशासित तथा अकादमिक मूल्यों से प्रेरित बनेगी और शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊर्जा मिलेगी.
कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने भी डॉ० नीत नयना को बधाई दी और कहा कि उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में नवाचार, अनुसंधान और उत्कृष्टता को सुदृढ़ आधार मिलेगा. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में सोना देवी विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा.
डॉ० नीत नयना बायोटेक्नोलॉजी विषय की प्रख्यात विदुषी हैं. उनकी विशेषता पादप जैवप्रौद्योगिकी (Plant Biotechnology) के क्षेत्र में रही है. वे अब तक अनेक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सेमिनारों में सक्रिय भागीदारी कर चुकी हैं तथा दर्जनों शोध पत्र और आलेख प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित कर चुकी हैं. उनके शोध और नवाचार ने वैज्ञानिक चिंतन की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है.
डॉ० नीत नयना का योगदान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भी महत्वपूर्ण रहा है. वे निरंतर छात्रों को शोध, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान के लिए प्रेरित करती रही हैं. विश्वविद्यालय परिवार को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में सोना देवी विश्वविद्यालय शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता और शोध उत्कृष्टता के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा.

