
उदित वाणी, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित टाटा स्टील प्लांट में कार्यरत वेंडर कंपनी आरके एंटरप्राइजेज के अधीन काम करने वाले 160 मजदूरों ने बुधवार से हड़ताल शुरू कर दी. मजदूर अपने बकाया वेतन भुगतान और पारदर्शी हिसाब-किताब की मांग को लेकर आंदोलन पर बैठ गए हैं.
मजदूरों का आरोप है कि लंबे समय से उनका पूरा मेहनताना नहीं दिया जा रहा और बार-बार वेंडर बदले जाने के कारण पुराने भुगतान का रिकॉर्ड भी साफ नहीं किया जाता. इससे मजदूरों को आर्थिक और पारिवारिक दोनों स्तर पर दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं. उनका कहना है कि हाल ही में बिना किसी पूर्व सूचना के कुछ मजदूरों को काम से बैठा दिया गया, जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है.
हड़ताल पर बैठे मजदूरों ने साफ किया कि वे किसी टकराव के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन अपने काम का पूरा और लिखित हिसाब चाहते हैं. उन्होंने मांग की कि आरके एंटरप्राइजेज और प्लांट प्रबंधन जल्द उनसे बातचीत कर समाधान निकाले. मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी समस्याएं हल नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
हड़ताल के कारण स्ट्रेट बार बिल यूनिट से संबंधित कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल, प्लांट प्रशासन और वेंडर प्रबंधन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

