
उदित वाणी, कोलाबीरा : गम्हरिया प्रखंड के रापचा पंचायत अंतर्गत मुर्गाघुटू गांव में संचालित बाल विकास केंद्र स्कूल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशाल जहरीला सांप स्कूल भवन में घुस आया. घटना के समय स्कूल में मौजूद बच्चों और शिक्षकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बच्चे डरे-सहमे रहे, उपस्थिति पहले से कम थी
ग्राम प्रधान कोंदा बेसरा के अनुसार, स्कूल में कुल 90 बच्चे नामांकित हैं. हालांकि बारिश के कारण सोमवार को बच्चों की उपस्थिति पहले से ही कम थी. फिर भी लगभग दो दर्जन बच्चे उस समय स्कूल में मौजूद थे, जो घटना के बाद करीब तीन घंटे तक भयभीत बने रहे.
ग्रामीणों ने बचाया मोर्चा, तीन घंटे बाद निकाला गया सांप
सांप के प्रवेश की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ स्कूल पहुंच गई. कोई सरकारी टीम या वन विभाग की सहायता न मिलने पर स्थानीय लोगों ने ही प्रयास कर निजी स्तर पर सांप को स्कूल परिसर से बाहर निकाला. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद जब सांप बाहर गया, तब जाकर बच्चों और शिक्षकों ने राहत की सांस ली.

